मंछामन से शोभायात्रा निकलेगी
उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित 1200 वर्ष पुरानी भगवान वामन देव की प्रतिमा का अभिषेक, पूजन मंगलवार को ब्राह्मण समाज द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर शोभायात्रा निकाली जाएगी जो मंछामन गणेश मंदिर क्षेत्र से प्रारंभ होगी। यह जानकारी देते हुए अखिल भारतीय भगवान वामन जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष पंडित अभिजीत दुबे एवं पंडित रितेश व्यास ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन का यह द्वितीय वर्ष है। शोभायात्रा मंछामन गणेश मंदिर से प्रातः 9 बजे भगवान श्री गणेश का पूजन कर ढोल, ध्वज, बग्गी, भगवान वामन के स्वरूप बटुक के साथ निकलेगी। यात्रा में महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 महान तपस्वी श्री गणेश दास महत्यागी महाराज, श्री अतुलेशानंद सरस्वती जी महाराज आचार्य शेखर जी, श्री रंगनाथचार्य जी महाराज, रामानुजकोट, श्री वितरागानंद जी महाराज, उपनिषद आश्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे। यात्रा नीलगंगा, शास्त्री नगर होते हुए अलगधाम नगर में स्थित भगवान वामनदेव के मंदिर पहुंचेगी जहां पर ब्राह्मणों द्वारा अभिषेक, पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात भोजन प्रसादी का आयोजन होगा। समिति ने शोभायात्रा एवं अभिषेक में अधिक से अधिक संख्या में ब्राह्मणों से शामिल होने का अनुरोध किया है।