लोकोत्सव में विभिन्न राज्यों के 85 कलाकारों ने दी रंगारंग मंचीय प्रस्तुति 

दिन में संजा एवं मांडना की प्रतियोगिता, रात में दी रंगारंग लोकगीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुति
लोकोत्सव में विभिन्न राज्यों के 85 कलाकारों ने दी रंगारंग मंचीय प्रस्तुति
उज्जैन। प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था के नौ दिवसीय संजा लोकोत्सव के अंतर्गत लोककला दर्शन की प्रस्तुति 21 सितंबर को ग्राम दंगवाडा में आयोजित की गई। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहयोग से आयोजित लोकोत्सव में विभिन्न राज्यों के लगभग 85 कलाकारों ने रंगारंग मंचीय प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि डॉ. शिव चैरसिया एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष लॉयन एसएन शर्मा का स्वागत ग्राम दंगवाड़ा के सरपंच भरत जाट द्वारा किया गया। राधेश्याम मुंडेल, रामेश्वर खानदान, मयूरी राम पड़ियाल, मोहनलाल पड़ियाल, गिरिराज रावल एवं नागेश्वर मारू द्वारा संस्था अध्यक्ष गुलाब सिंह यादव, संस्था सचिव कुमार किशन एवं दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर से पधारे कार्यक्रम अधिकारी प्रेम स्वरूप तिवारी का स्वागत किया गया। संस्था की मानसेवी निदेशक डॉ पल्लवी किशन ने बताया कि दिन में यहां संजा एवं मांडना की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बालिकाओं, बालक तथा महिलाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम दंगवाडा के मूर्धन्य कलाकार मोदी राम जाट तथा देवीसिंह गुर्जर को पारंपरिक लोक कला सम्मान प्रदान किया गया। इसके पश्चात रंगारंग लोकगीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुतियों के क्रम में छत्तीसगढ़ का पंडवानी लोक गायन मालवा का कांग्वालिया, हरदा का काठी, तेलंगाना का माधुरी, निमाड़ का गणगौर, सागर बुंदेलखंड का बधाई तथा महाराष्ट्र की सुप्रसिद्ध लावणी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन सुदर्शन आयाचित द्वारा किया गया। संजा लोकोत्सव की रूपरेखा प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ शिव चैरसिया द्वारा रखी गई। आभार संस्था निदेशक डॉ पल्लवी किशन ने माना। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय नई दिल्ली संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज तथा मध्य प्रदेश संस्कृति संचालनालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है जिसमें भारतीय जीवन बीमा निगम, गेल इंडियन ऑयल, बैंक ऑफ इंडिया तथा डॉ चैधरी एवं डॉ अनिता चैधरी का सहयोग उल्लेखनीय है। 
यह रहे विजेता
संजा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जया जादव, द्वितीय कुमकुम जाट, तृतीय स्थान सलोनी जाट ने प्राप्त किया। मांडना में प्रथम स्थान अजय वैष्णव, द्वितीय बबीता जाट ने प्राप्त किया।
आज समारोहपूर्वक होगा समापन
आज 22 सितंबर को संजा लोक उत्सव का समारोह पूर्वक समापन कालिदास अकादमी के संकुल में शाम 7 बजे से मध्य प्रदेश की संस्कृति मंत्री डॉ विजय लक्ष्मी साधो, उज्जैन के प्रभारी मंत्री सज्जनसिंह वर्मा उज्जैन, सांसद अनिल फिरोजिया तथा कांग्रेस नगर अध्यक्ष महेश सोनी के आतिथ्य में होगा। प्रातः 10 बजे से संजा एवं मांडना प्रतियोगिता कालिदास अकादमी में आयोजित की जावेगी। संस्था सदस्यों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से सम्मिलित होने का आग्रह किया है।