श्री अच्युतानंद स्वामीजी महाराज की 152वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरु अखाड़े में सुन्दर काण्ड पाठ एवं भण्डारा आयोजित

उज्जैन। श्री अच्युतानंद स्वामीजी महाराज, जिन्होंने पूरे भारत वर्ष में 27 अखाड़ों की स्थापना की थी, ऐसे श्री अच्युतानंद स्वामीजी की 152वीं पुण्यतिथि पर २२ सितम्बर को श्राद्धपक्ष अष्टमी को गुरु अखाड़ा व्यायामशाला न्यास में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संस्था में भव्य पुण्यतिथि महोत्सव मनाया गया। जिसमें गुरु अखाड़े के पुराने एवं नवीन सदस्यों तथा अखाड़े के प्रति समर्पित एवं अखाड़े से जुड़े सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित होकर सुंदर काण्ड पाठ किया गया। तत्पश्चात भोजन प्रसादी ग्रहण की गई। इस पावन महोत्सव के प्रारंभ में सुन्दर काण्ड एवं बटुक, ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। राधेश्याम चौऋषिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पधारे भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत, पूर्व विधायक सतीश मालवीय, डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, प्रदीप पाण्डेय (पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त), सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू आदि का स्वागत पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक पारसचंद्र जैन द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सर्वप्रथम संस्था में श्री हनुमान महाराज का पूजन अर्चन कर प्रसादी वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राधेश्यामजी उपाध्याय, उपाध्यक्ष रविप्रकाशजी लंगर, सचिव मुकेश लड्डा, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम टेलर एवं पूर्व संस्था मंत्री वासुदेव डकारे, अशोक जोशी, गोपाल कसेरा, बद्रीलाल चौधरी, संस्था प्राचार्य गुरुदेव उपाध्याय, कमल बंगरिया, उमेश वागले एवं संजय पालीवाल जिम प्रशिक्षक, राधेश्याम चौधरी कुश्ती कोच, रवि चौहान, घनश्याम गौड़ एवं संस्था मल्लखंब कोच लीलाधर कहार मुख्य रूप से उपस्थित थे।