सिंधिया ने कर्जमाफी को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा


भिंड। किसानों की कर्जमाफी को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस सरकार पर ही तंज कसा। सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने 2 लाख कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन किसानों के 50 हजार तक के ही कर्जमाफ हुए। इस बयान के बाद भाजपा ने सिंधिया को धन्यवाद कहा है। सिंधिया का बयान चर्चा में आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी इस मुद्दे को लेकर ट्वीट किया। सिंधिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि बाढ़ से प्रभावित फसलों का सर्वे भी सही तरीके से नहीं हुआ। कई गांवों में फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, तो वहां सर्वे की क्या जरूरत थी। सरकार के काम में कहीं न कहीं कमी रह जा रही है। उल्लेखनीय है कि सिंधिया ग्वालियर चंबल संभाग के नौ दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को दौरे का चौथा दिन था।


सिंधिया के बयान के बाद भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने वीडियो जारी कर कहा कि वे सिंधिया और दिग्विजय सिंह के विधायक भाई लक्ष्मण सिंह के धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने कहा- दोनों कांग्रेस नेताओं ने कमलनाथ सरकार को आईना दिखाने का काम किया। राहुल गांधी ने अध्यक्ष रहते हुए किसानों की कर्जमाफी के नाम पर भ्रम फैलाया। मुख्यमंत्री ने सरकार बनने के पहले दिन कर्जमाफी की फाइल पर हस्ताक्षर कर इस भ्रम को और बढ़ाने का काम किया।